दमोह-जबलपुर हाईवे पर युवक का संदिग्ध शव मिला, शरीर पर चोट के निशान
दमोह – दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर सोमवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब नरगुवा गांव के पास एक 35 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध अवस्था में सड़क किनारे पड़ा मिला। मृतक की शिनाख्त सांगा गांव निवासी खिल्लू आदिवासी के रूप में की गई है। शव की स्थिति और उस पर मौजूद चोट के निशानों को देखते हुए परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम कर लिया है और मामले की सघन जांच शुरू कर दी है।
रविवार दोपहर से लापता था युवक
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, खिल्लू रविवार दोपहर को अपने घर से निकला था, लेकिन देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिवार वालों की चिंता बढ़ गई। रातभर परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी हर संभावित जगह तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद सोमवार दोपहर नरगुवा में स्थित चौधरी वेयर हाउस के समीप सड़क के किनारे उसका शव बरामद हुआ।
एक अज्ञात युवक के साथ जाने का दावा
मृतक की मां आनंद रानी ने पुलिस को एक महत्वपूर्ण सुराग देते हुए बताया कि रविवार दोपहर को खिल्लू के साथ एक अन्य युवक उनके घर आया था। वह युवक खिल्लू को अपने साथ ले जाने की जिद कर रहा था। खिल्लू ने अपनी मां से कहा था कि वह उस युवक को पाटन तक छोड़ने जा रहा है और जल्द ही वापस आ जाएगा। लेकिन उस युवक के साथ घर से निकलने के बाद खिल्लू जिंदा वापस नहीं लौटा।
शरीर पर चोट के निशान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की गंभीरता को देखते हुए तेंदूखेड़ा थाना प्रभारी रविंद्र बागरी तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को तत्काल पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
थाना प्रभारी रविंद्र बागरी ने बताया कि मृतक के शरीर पर बाहरी चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदेहास्पद लग रहा है। हालांकि, मौत की असली और सटीक वजह क्या है, इसका खुलासा डॉक्टरों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने केस दर्ज कर उस संदेहास्पद युवक की तलाश शुरू कर दी है, जिसके साथ खिल्लू आखिरी बार देखा गया था।
