मड़ियादो: जंगली सुअर के शिकार मामले में वन विभाग का बड़ा एक्शन; 4 शिकारी गिरफ्तार, मांस बरामद
दमोह। जिले के मड़ियादो वनपरिक्षेत्र में वन्य जीवों के शिकार के विरुद्ध वन विभाग ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। मड़ियादो वनपरिक्षेत्र अधिकारी जे.पी. मिश्रा के नेतृत्व में बफरजोन अमले ने जंगली सुअर के शिकार और उसका मांस खाने के आरोप में 4 शिकारियों को धर दबोचा है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
वनपरिक्षेत्र अधिकारी जे.पी. मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें मुखबिर के जरिए सूचना प्राप्त हुई थी कि पाली बीट के गोरईया टोला क्षेत्र में वन्य जीव का शिकार किया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में टीम गठित कर तत्काल मौके पर घेराबंदी की गई, जहाँ शिकार से जुड़े साक्ष्य और आरोपियों को पकड़ा गया।
हादसे के बाद शिकार की आशंका
प्रारंभिक पूछताछ और जांच में सामने आया है कि गोरईया टोला में किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से एक जंगली सुअर घायल हो गया था। सुअर की मृत्यु के उपरांत आरोपियों द्वारा उसे ठिकाने लगाने के बजाय उसका मांस निकालकर उपयोग किया गया। वन विभाग ने इस मामले में वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया है। विभाग अब इस बात की भी जांच कर रहा है कि क्या यह महज एक दुर्घटना थी या सुनियोजित शिकार का हिस्सा।
