ADVERTISEMENT

तेंदूखेड़ा में गेहूं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को हाईवा ने मारी जोरदार टक्कर; हवा में उछलकर पलटा ट्रैक्टर, 3 किसान गंभीर रूप से घायल

a heavy tractor loaded with wheat sacks overturned on the road after being hit by a hyva near nargawa ki tek tendukheda damoh

तेंदूखेड़ा। मध्य प्रदेश के दमोह जिले से सड़क हादसे की एक बेहद डराने वाली खबर सामने आई है। जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 27 मील के पास सोमवार सुबह करीब 11 बजे एक तेज रफ्तार हाईवा (डंपर) ने गेहूं से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली हवा में उछलते हुए बीच सड़क पर पूरी तरह पलट गई और ट्रैक्टर के चारों टायर आसमान की तरफ ऊपर हो गए। इस दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया।

मंडी में फसल बेचने जा रहे थे किसान, नरगवा की टेक पर हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम रिचकुड़ी निवासी किसान अपनी गेहूं की फसल को बेचने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली में बोरियां लादकर मंडी की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनका ट्रैक्टर जबलपुर-दमोहा स्टेट हाईवे पर 27 मील के पास स्थित नरगवा की टेक पर पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार हाईवा ने ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और ट्रॉली में भरा क्विंटल गेहूं सड़क पर बिखर गया। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी हाईवा चालक मौके से वाहन सहित तेजी से फरार हो गया।

ट्रैक्टर के नीचे दबे घायलों को ग्रामीणों ने निकाला बाहर, 3 अस्पताल में भर्ती

हादसा होते ही आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और राहगीर तुरंत मदद के लिए घटना स्थल की ओर दौड़े। ट्रैक्टर के पहिए ऊपर होने और भारी मलबा होने के कारण घायल उसके नीचे दब गए थे। स्थानीय लोगों ने भारी मशक्कत और सूझबूझ का परिचय देते हुए नीचे फंसे तीनों घायलों को बाहर निकाला।

इस हादसे में रिचकुड़ी निवासी धर्मेंद्र पाल (15), मनोज पाल (40) और कल्लू यादव (45) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीनों के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर अंदरूनी व बाहरी चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को तत्काल तेंदूखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया, जहां फिलहाल उनका इलाज जारी है।

यातायात बहाल, फरार हाईवा चालक की तलाश में जुटी पुलिस

सड़क के बीचों-बीच ट्रैक्टर पलटने और गेहूं बिखरने के कारण स्टेट हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था और अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। सूचना मिलते ही तेंदूखेड़ा थाना पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने क्रेन बुलाकर बीच सड़क से क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटवाया और सड़क पर बिखरे गेहूं को साफ कराकर यातायात को पुनः सुचारू रूप से बहाल कराया।

तेंदूखेड़ा थाना पुलिस ने पीड़ितों के बयानों और प्रत्यक्षदर्शियों की शिकायत के आधार पर अज्ञात फरार हाईवा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी चालक की पहचान के लिए हाईवे के आसपास और टोल नाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जल्द ही आरोपी को वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया जाएगा।