ADVERTISEMENT

दमोह: ब्यारमा नदी में युवक पर मगरमच्छ का खौफनाक हमला; पैर दबोचकर गहरे पानी में खींचने की कोशिश, ग्रामीणों ने पथराव कर बचाया

Treatment of youth Abhishek injured in crocodile attack at Byarma River Damoh

दमोह। दमोह जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत दिनारी गांव में मंगलवार को एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ ब्यारमा नदी में नहाने गए 18 वर्षीय युवक अभिषेक सिंह राजपूत पर एक विशालकाय मगरमच्छ ने अचानक हमला कर दिया।

मौत के जबड़े से ऐसे बचकर निकला अभिषेक

अभिषेक के भाई आशीष ने बताया कि वह रोज की तरह नदी में नहा रहा था, तभी मगरमच्छ ने पीछे से हमला कर उसका दाहिने पैर को अपने जबड़ों में जकड़ लिया। मगरमच्छ ने दो-तीन बार जोर से झटके दिए और उसे गहरे पानी की ओर खींचने का प्रयास किया।

अभिषेक की चीख-पुकार सुनकर नदी किनारे मौजूद अन्य ग्रामीण और परिजन तुरंत सक्रिय हो गए। ग्रामीणों ने मगरमच्छ पर भारी पथराव शुरू कर दिया, जिससे घबराकर मगरमच्छ ने युवक का पैर छोड़ दिया और पानी में ओझल हो गया।


अस्पताल में उपचार और वन विभाग की सहायता

परिजन तत्काल घायल अभिषेक को लेकर दमोह जिला अस्पताल पहुँचे, जहाँ डॉक्टर ऐश्वर्य प्रताप सिंह की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टर के मुताबिक, मगरमच्छ के दांतों से युवक के दाहिने पैर में काफी गहरे और गंभीर घाव हुए हैं।

घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया। विभाग की ओर से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत के तौर पर 1,000 रुपए की आर्थिक सहायता दी गई है। नदी किनारे इस तरह के हमले से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।