मोहन कैबिनेट में बड़ी सर्जरी की तैयारी: 5 मंत्रियों की हो सकती है छुट्टी, 7 नए चेहरों को मिल सकता है मौका
भोपाल। मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार में जल्द ही बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 17 मई को अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के कामकाज की समीक्षा करेंगे। माना जा रहा है कि इस समीक्षा के बाद कैबिनेट से करीब 5 मंत्रियों को हटाया जा सकता है, जबकि 7 नए विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है।
परफार्मेंस रिपोर्ट के आधार पर होगी छंटनी
मुख्यमंत्री के सामने मंत्रियों द्वारा पिछले ढाई वर्षों में किए गए कार्यों की रिपोर्ट, उनके खिलाफ मिली शिकायतें और इंटेलिजेंस की खुफिया रिपोर्ट पेश की जाएगी। इसी आधार पर मंत्रियों का भविष्य तय होगा। चर्चा है कि दो मंत्रियों ने पहले ही इस्तीफे की पेशकश की थी, जिन्हें अब विस्तार के दौरान हटाया जा सकता है। इसके अलावा, जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह और राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी सहित कुछ अन्य मंत्रियों के विभाग बदले जाने की भी संभावना है।
14 मई को 45 बिंदुओं पर मंथन
कैबिनेट विस्तार से पहले मुख्यमंत्री 14 मई को मंत्रालय में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इस बैठक में 45 प्रमुख बिंदुओं पर समीक्षा की जाएगी, जिनमें शामिल हैं:
- आबादी भूमि की निःशुल्क रजिस्ट्री और सरलीकरण प्रक्रिया।
- ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा।
- राम वन पथगमन, कृष्ण पाथेय परियोजना और महाकाल मंदिर की तर्ज पर अन्य मंदिरों का विकास।
- मंडी शुल्क में कमी और अग्निवीरों को आरक्षण देने जैसे नीतिगत मामले।
- मंत्रालय और अन्य सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों की बायोमैट्रिक उपस्थिति की समीक्षा।
अफसरों को मिलेगा अपनी बात रखने का समय
21 मई से शुरू होने वाली विभागवार समीक्षा में मुख्यमंत्री मंत्रियों के साथ-साथ अफसरों को भी पूरा समय देंगे। हर विभाग की समीक्षा के लिए करीब एक घंटे का समय तय किया गया है, ताकि योजनाओं की वर्तमान स्थिति और भविष्य की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हो सके। यह समीक्षा प्रक्रिया लगभग 4 से 5 दिनों तक चलेगी।
