ADVERTISEMENT

150 फीट ऊंचे बिजली टावर पर चढ़ा युवक, हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद जबलपुर से बुलाई गई रेस्क्यू टीम

A man sitting on top of 150 feet high voltage 33kv electric tower in Damoh

तेंदूखेड़ा। दमोह जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र के खमरिया गांव में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक 33 केवी हाई वोल्टेज बिजली लाइन के टावर पर चढ़ गया। देखते ही देखते युवक टावर के शिखर पर लगभग 150 फीट की ऊंचाई तक जा पहुँचा। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस-प्रशासन को मोर्चा संभालना पड़ा।

खमरिया कला निवासी बिज्जु का हाई वोल्टेज ड्रामा

टावर पर चढ़े युवक की पहचान 25 वर्षीय बिज्जु आदिवासी निवासी खमरिया कला के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिज्जु सुबह करीब 9 बजे अचानक टावर पर चढ़ने लगा। जब तक लोग कुछ समझ पाते, वह काफी ऊपर तक पहुँच चुका था। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिज्जु की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वह पहले भी दो-तीन बार इस तरह बिजली टावरों पर चढ़कर हंगामा कर चुका है।

सुरक्षा के मद्देनजर बिजली सप्लाई बंद

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुँचे। सबसे पहले बिजली विभाग को सूचना देकर संबंधित लाइन की सप्लाई बंद कराई गई ताकि किसी भी तरह की अनहोनी को टाला जा सके। अधिकारी और स्थानीय लोग लगातार युवक को नीचे उतारने के लिए समझाइश दे रहे हैं, लेकिन ऊंचाई अधिक होने के कारण रेस्क्यू में दिक्कतें आ रही हैं।

जबलपुर से बुलाई गई एक्सपर्ट टीम

तेंदूखेड़ा एसडीओपी अर्चना अहीर ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय स्तर पर ऊंचे टावरों से रेस्क्यू करने के लिए जरूरी उपकरण और विशेषज्ञ उपलब्ध नहीं हैं, इसलिए जबलपुर से बिजली विभाग की विशेष रेस्क्यू टीम को बुलाई गया है। टीम के पहुँचते ही युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का ऑपरेशन शुरू किया जाएगा।

फिलहाल पुलिस टीम मौके पर तैनात है और युवक की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। इलाके में तनावपूर्ण माहौल है और ग्रामीण युवक की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।