ADVERTISEMENT

बेलाताल में प्रेमिका से मिलने आए युवक पर चाकू से हमला, भाई ने किया वार और खुद ही लेकर पहुँचा अस्पताल

Youth injured in knife attack by girlfriend brother at Belatal Damoh

दमोह। कोतवाली थाना क्षेत्र के बेलाताल के पास गुरुवार दोपहर एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहाँ अपनी प्रेमिका से मिलने आए एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। हैरान करने वाली बात यह रही कि हमला करने वाला युवती का भाई ही था, जो घायल युवक को खुद इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुँचा। हालांकि, पुलिस में शिकायत दर्ज न होने के कारण फिलहाल कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हुई है।

गन्ने का रस पीते समय हुआ हमला

घायल युवक की पहचान कटनी जिले के रीठी थाना अंतर्गत मझगांवा निवासी जितेंद्र (25) पिता सतनामी ठाकुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, जितेंद्र दमोह में अपनी प्रेमिका से मिलने आया था। दोनों बेलाताल के पास एक गन्ने के रस के ठेले पर खड़े थे। इसी दौरान युवती के भाई को उनके वहां होने की भनक लग गई। वह अपने एक साथी के साथ मौके पर पहुँचा और विवाद के बीच जितेंद्र पर चाकू से वार कर दिया।

गन्ने के रस की दुकान के संचालक ने भी पुष्टि की है कि युवक-युवती जूस पी रहे थे, तभी युवती के भाई ने आकर युवक को चाकू मार दी।

अस्पताल में छुपाई असली बात

घटना के बाद हमलावर भाई और उसका साथी खुद ही घायल जितेंद्र को लेकर जिला अस्पताल पहुँचे। अस्पताल में उन्होंने डॉक्टरों को गुमराह करते हुए बताया कि युवक को लोहे की रॉड लगी है और वे उसे नहीं जानते। लेकिन, चाकू मारने वाले युवक के ही एक साथी ने सच्चाई बयां कर दी। उसने बताया कि जितेंद्र उनके दोस्त की बहन से मिलने आया था और हाथापाई के दौरान धोखे से उसे चाकू लग गया।

पीड़ित ने पहचानने से किया इनकार, नहीं हुई पुलिस रिपोर्ट

मामले में सबसे दिलचस्प मोड़ तब आया जब अस्पताल प्रबंधन की ओर से पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई। वहीं, घायल जितेंद्र ने भी हमलावरों को पहचानने से साफ इनकार कर दिया। जितेंद्र का कहना था कि वह दमोह में अपनी किसी 'रिश्ते की बहन' से मिलने आया था और वह नहीं जानता कि उसे चाकू किसने मारा।

घायल का प्राथमिक उपचार कराने के बाद हमलावर उसे अपने साथ ही वापस ले गए। पुलिस में किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, जिसके चलते हमलावर फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।