ADVERTISEMENT

दमोह एसपी की थाना प्रभारियों को नसीहत: इंदौर की तर्ज पर सुधरेगा शहर का ट्रैफिक, नशे के कारोबार पर होगी स्ट्राइक

Damoh SP Crime and Traffic Review Meeting

दमोह। दमोह के नवागत एसपी आनंद कलादगी ने रविवार को पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक के दौरान एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिसिंग में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से दमोह शहर की यातायात व्यवस्था को इंदौर मॉडल पर सुधारने का संकल्प जताया है।

इंदौर मॉडल से सुधरेगा दमोह का ट्रैफिक

यातायात सुधार को प्राथमिकता देते हुए एसपी कलादगी ने कहा, "मैंने इंदौर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने पर काफी काम किया था, अब उसी अनुभव का लाभ दमोह को मिलेगा।" उन्होंने शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। एसपी ने जनता से भी अपील की है कि बेहतर यातायात के लिए पुलिस का सहयोग करें।

SP Anand Kaladgi addressing police station incharges in Damoh control room

अपराधों की 'वन-टू-वन' समीक्षा

बैठक में एसपी ने लंबित अपराधों, चालान और मर्ग मामलों की स्थिति पर प्रभारियों से आमने-सामने चर्चा की।

  • नशे पर नकेल: अवैध शराब और गांजा की तस्करी करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
  • त्वरित निराकरण: लंबे समय से लंबित मामलों को समय सीमा में सुलझाने और कानून व्यवस्था की चुनौतियों पर मुस्तैद रहने की बात कही गई।

24 घंटे उपलब्ध रहेगी पुलिस

जनता में विश्वास जगाते हुए एसपी ने कहा कि पुलिस आम नागरिकों की मदद के लिए 24 घंटे तत्पर है। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे थानों में आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशीलता से व्यवहार करें ताकि पुलिस और जनता के बीच की दूरी कम हो सके।