ADVERTISEMENT

दमोह: करैया फाटक के पास बाइक और आइशर में भीषण भिड़ंत; तीन युवक गंभीर घायल, केबिन में फंसे ड्राइवर का रेस्क्यू

SDERF team rescuing a driver trapped in an Eicher truck cabin after a collision in Damoh

दमोह। दमोह जिले के देहात थाना अंतर्गत करैया फाटक के पास रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक और एक आइशर वाहन के बीच हुई सीधी भिड़ंत में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आइशर वाहन का चालक केबिन में ही फंस गया, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका।

जबलपुर रेफर किए गए घायल

हादसे में घायल हुए युवकों की पहचान विजय पिता जनना अहिरवार, गुड्डे अहिरवार और मुलायम अहिरवार के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के दौरान तीनों की हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर कर दिया है।

ड्राइवर को निकालने के लिए पहुंची SDERF टीम

भिड़ंत के बाद आइशर वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे चालक केबिन के मलबे में फंस गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल SDERF (राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल) को सूचना दी। टीम ने मौके पर पहुँचकर विशेष उपकरणों की मदद से केबिन को काटकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल पहुँचाया।

देहात थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण तेज रफ्तार और अंधेरा माना जा रहा है।