दमोह: बटियागढ़-बक्सवाहा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा; ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी कार, भिड़ंत के बाद जमकर हुई मारपीट
दमोह। जिले के बटियागढ़-बक्सवाहा मार्ग पर स्थित दूल्हादेव स्थल के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक तेज़ रफ़्तार कार अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई और दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
ट्रॉली के नीचे घुसी कार, मची चीख-पुकार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रैक्टर-ट्रॉली के पिछले हिस्से में समा गया। इस घटना में कार सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुँचे, लेकिन इसी बीच मामला और बिगड़ गया।
हादसे के बाद मारपीट, महिला अस्पताल में भर्ती
आरोप है कि बक्सवाहा क्षेत्र के निवासी ट्रैक्टर सवारों ने कार सवारों के साथ अभद्रता और मारपीट शुरू कर दी। इस खूनी संघर्ष में करीब 4 से 5 लोग घायल हुए हैं। घायलों में एक महिला राधा रानी पटेल भी शामिल हैं, जिनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुँची और जाँच शुरू की। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि हादसा किसकी लापरवाही से हुआ और मारपीट करने वाले आरोपियों की पहचान की जा रही है।
