ADVERTISEMENT

दमोह: फायरिंग की धमक से पूर्व सरपंच के भाई की मौत; मिट्टी डालने के विवाद में चला कट्टा, आरोपी फरार

police investigation at sehari village damoh after the suspicious death of former sarpanch brother during a dispute

दमोह। जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेहरी गांव में मंगलवार रात यादव समाज के दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया. इस विवाद के दौरान हुई फायरिंग की धमक से पूर्व सरपंच अनिल यादव के भाई चंद्रभान यादव (45) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई.

मिट्टी डालने से मना करने पर भड़का विवाद

पूर्व सरपंच अनिल यादव ने बताया कि उनके घर पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से मिट्टी आई थी. इसी दौरान गांव के दिनेश यादव ने उनके भाई जवाहर को रोककर अपने ढाबे के पास मिट्टी डालने का दबाव बनाया. जवाहर द्वारा मना करने पर दिनेश यादव और उसके साथियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और डंडे से हमला कर दिया.

कट्टे से फायर और संदिग्ध मौत

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर जब छोटा भाई चंद्रभान यादव बाहर आया, तब आरोपियों ने कट्टे से हवाई फायर कर दिया. परिजनों का दावा है कि कट्टे की धमक और दहशत के कारण चंद्रभान की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद दिनेश यादव, ज्ञानी यादव, चक्रेश और अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए.

पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदोरिया के अनुसार, युवक के शरीर पर गोली लगने या चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं. मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है, इसलिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही असली कारणों का खुलासा हो सकेगा. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.