ADVERTISEMENT

दमोह: तेंदूखेड़ा में तेज रफ्तार का कहर, दो बाइकों की सीधी टक्कर में 2 की दर्दनाक मौत, 2 साल के मासूम की हालत नाजुक

Fatal collision between two speeding bikes left two dead and a child critically injured in Tendukheda damoh today

दमोह। जिले में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार सुबह तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। नरगवा टेक के पास दो तेज रफ्तार बाइकें आमने-सामने से टकरा गईं। यह भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही दो लोगों की जान चली गई, जबकि एक दो वर्षीय मासूम सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई और शादी की खुशियां चंद पलों में मातम में बदल गईं।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल मासूम को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर कर दिया गया है।

शादी का न्योता बांटकर लौट रहे थे युवक, पल भर में बिछ गईं लाशें

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह दर्दनाक दुर्घटना बुधवार सुबह करीब 10 बजे नरगवा की टेक पर हुई। दोनों बाइकों की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चलते चालक अपना संतुलन खो बैठे और आमने-सामने की सीधी टक्कर हो गई।

  • मृतकों की पहचान: हादसे में जान गंवाने वालों की शिनाख्त बमोहरी निवासी 20 वर्षीय आशु बेन (पिता भाईलाल बेन) और ग्राम दोनी निवासी राजू अहिरवार (पिता सुक्खी अहिरवार) के रूप में हुई है।
  • कैसे हुआ हादसा: आशु बेन अपने पिता के साथ अपने बड़े भाई की शादी का कार्ड बांटने सहजपुर गया था और वहां से घर लौट रहा था। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार राजू अहिरवार अपनी पत्नी आशा अहिरवार और दो साल के बच्चे के साथ मागदुपूरा गांव में एक शादी समारोह से शामिल होकर वापस लौट रहा था।

मासूम जबलपुर रेफर, पुलिस कर रही मामले की जांच

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही तेंदूखेड़ा एसडीओपी अर्चना अहीर और टीआई आरआर बागरी दल-बल के साथ घटनास्थल और फिर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। अस्पताल में एसडीओपी अर्चना अहीर ने घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। डॉक्टरों ने बताया कि हादसे में दो साल का मासूम बच्चा बुरी तरह से घायल हुआ है और उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहीं, राजू की पत्नी आशा अहिरवार और आशु के पिता भाईलाल बेन को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल दमोह भेज दिया गया है।

तेंदूखेड़ा पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।