Advertisement

हटा में कपड़ा व्यापारी पर चाकू से हमला: ₹5000, मोबाइल और बाइक लूटकर भागे बदमाश

Damoh Hatta police investigating cloth merchant knife attack case

दमोह – जिला मुख्यालय के हटा थाना क्षेत्र अंतर्गत सौजना गांव में रविवार रात एक कपड़ा व्यापारी को निशाना बनाते हुए सनसनीखेज लूट की वारदात को अंजाम दिया गया है। अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने न केवल व्यापारी पर चाकू से जानलेवा हमला किया, बल्कि उनसे ₹5000 नकद, मोबाइल फोन और उनकी मोटरसाइकिल भी छीन ली। लहूलुहान हालत में घायल व्यापारी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।

कपड़े बेचकर लौट रहे व्यापारी को रास्ते में घेरा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हटा के नवोदय वार्ड ककराई निवासी 25 वर्षीय प्रिंस साहू कपड़े का व्यवसाय करते हैं। रविवार को वे कपड़े बेचने के लिए सौजना गांव गए हुए थे। रात के समय जब वे अपना व्यापार निपटाकर वापस हटा लौट रहे थे, तभी सौजना गांव के सुनसान रास्ते पर पहले से घात लगाए बैठे चार अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने उनकी बाइक को जबरन रोक लिया।

लाल रंग की बाइक पर आए थे बदमाश, चाकू मारकर लूटी गाड़ी

पीड़ित प्रिंस साहू ने पुलिस को बताया कि चारों आरोपी नकाब पहने हुए थे और एक लाल रंग की मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे। बाइक रोकते ही बदमाशों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर एक बदमाश ने धारदार चाकू निकालकर उन पर हमला कर दिया, जिससे वे जख्मी हो गए। इसके बाद बदमाशों ने प्रिंस के पास रखे ₹5000 नकद, उनका कीमती मोबाइल फोन और जिस बाइक से वे आ रहे थे, उसे भी लूट लिया और मौके से रफूचक्कर हो गए।

हिंडोरिया की ओर भागे आरोपी, पुलिस का जल्द गिरफ्तारी का दावा

वारदात की जानकारी मिलते ही हटा थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आई और घटनास्थल का मुआयना किया। घायल व्यापारी प्रिंस साहू को तत्काल प्रभाव से मेडिकल परीक्षण और इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया।



हटा थाना प्रभारी (टीआई) सुधीर बेगी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस को शुरुआती जांच और मुखबिरों से इनपुट मिला है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हिंडोरिया क्षेत्र की ओर भागे हैं। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और दावा किया जा रहा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।