ADVERTISEMENT

दमोह: तेज आंधी और झमाझम बारिश से बदला मौसम, भीषण गर्मी से मिली राहत; रातभर गुल रही बिजली

rain-storm-damoh-weather

दमोह। नौतपा के पांचवें दिन शुक्रवार देर रात दमोह के मौसम (Damoh Weather) में अचानक बड़ा बदलाव देखने को मिला। रात करीब 2 बजे शुरू हुई तेज आंधी और बारिश ने भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत दी है। हालांकि, आंधी के कारण बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई और कई इलाके रातभर अंधेरे में डूबे रहे।

तापमान में 4 डिग्री की गिरावट

बारिश और तेज हवाओं का सीधा असर तापमान पर पड़ा है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले यह 45 डिग्री सेल्सियस था। पथरिया ब्लॉक में भी करीब एक घंटे तक झमाझम बारिश हुई, जिसके बाद शहर और आसपास के इलाकों में मौसम में ठंडक घुल गई।

बिजली गुल रहने से लोगों की परेशानी बढ़ी

आंधी के कारण शहर के विभिन्न हिस्सों में बिजली लाइनों में फाल्ट आ गए। मोरगंज गल्ला मंडी के पास बिजली की केबल टूटकर सड़क पर गिर गई, जिससे करंट फैलने का खतरा बना रहा। सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लाइन बंद कर मरम्मत का काम शुरू किया। बिजली विभाग के कर्मचारी पूरी रात फाल्ट सुधारने में जुटे रहे, जिसके बाद सुबह 6 बजे तक अधिकांश क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल हो सकी।

आगे कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को भी मौसम में इस बदलाव का असर बना रह सकता है। हालांकि सुबह धूप खिली, लेकिन उसकी तपिश पहले के मुकाबले कम रही। यदि दोपहर में बादल छाए रहते हैं, तो नौतपा के छठवें दिन भी लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।