ADVERTISEMENT

दमोह: शराब के पैसे न देने पर शिक्षा विभाग के बाबू पर चाकू से हमला, आरोपी फरार

Damoh Kotwali Police investigating knife attack case in badapura

दमोह। जिला मुख्यालय के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बड़ापुरा इलाके में शनिवार रात सरेराह चाकूबाजी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ शराब पीने के लिए पैसे न देने पर एक बदमाश ने शिक्षा विभाग के कर्मचारी (बाबू) पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल कर्मचारी को लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घर लौटते समय रास्ते में रोका

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बड़ापुरा निवासी 56 वर्षीय देवेंद्र राज बटियागढ़ के शासकीय हाई स्कूल में सहायक ग्रेड-3 (बाबू) के पद पर पदस्थ हैं। शनिवार रात करीब 10 बजे जब देवेंद्र राज अपनी ड्यूटी और अन्य काम निपटाकर अपने घर वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में अरविंद कोरी नाम के एक युवक ने उन्हें जबरन रोक लिया।

शराब के लिए मांग रहा था पैसे, मना करने पर घोंपा चाकू

पीड़ित देवेंद्र राज ने अस्पताल में बताया कि आरोपी अरविंद कोरी उनसे शराब पीने के लिए पैसों की मांग कर रहा था। जब देवेंद्र ने पैसे होने से साफ मना कर दिया, तो आरोपी भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने अपने पास रखा धारदार चाकू निकाला और देवेंद्र की जांघ पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू लगते ही देवेंद्र जमीन पर गिर गए और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे। ग्रामीणों और राहगीरों को आता देख आरोपी अरविंद कोरी अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भाग निकला।

पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपी की तलाश तेज

स्थानीय लोगों ने तुरंत इस घटना की सूचना देवेंद्र के परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजन उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर आए। वारदात की खबर मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी (टीआई) मनीष कुमार भी पुलिस बल के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और घायल के बयान दर्ज किए।

टीआई मनीष कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी अरविंद कोरी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।