दमोह: पथरिया SDM का बटियागढ़ खरीदी केंद्र पर औचक निरीक्षण, किसानों से पूछा- "क्या किसी ने मांगे पैसे?
बटियागढ़ (दमोह)। सरकारी खरीदी केंद्रों पर किसानों की सुविधा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी कड़ी में गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे पथरिया एसडीएम निकेत चौरसिया ने अचानक बटियागढ़ खरीदी केंद्र पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
किसानों से सीधा संवाद और भ्रष्टाचार पर प्रहार
एसडीएम निकेत चौरसिया ने निरीक्षण के दौरान औपचारिकता निभाने के बजाय सीधे किसानों के बीच पहुंचे। उन्होंने सहायक संचालक कृषि जे.एल. प्रजापति की उपस्थिति में वहां मौजूद एक-एक किसान से व्यक्तिगत रूप से बात की। एसडीएम ने किसानों से बिना किसी हिचकिचाहट के पूछा— "क्या आपसे केंद्र पर किसी भी कर्मचारी या व्यक्ति ने पैसे की मांग की है?"
गहन पूछताछ और जांच के बाद यह तथ्य सामने आया कि फिलहाल किसी भी किसान से किसी तरह की अवैध राशि या रिश्वत की मांग नहीं की गई है। किसानों ने केंद्र की कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त किया।
चेतावनी: "अगर कोई पैसे मांगे तो सीधे मुझे फोन करें"
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने न केवल वर्तमान स्थिति का जायजा लिया, बल्कि भविष्य के लिए भी सख्त हिदायत दी। उन्होंने किसानों को जागरूक करते हुए स्पष्ट लहजे में कहा, "अगर आगे कोई भी व्यक्ति या कर्मचारी आपसे पैसों की मांग करता है, तो तुरंत इसकी जानकारी प्रशासन को दें। भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।"
व्यवस्थाओं का लिया जायजा
एसडीएम ने केंद्र पर अनाज की तुलाई, बारदानों की उपलब्धता, छाया और पानी की व्यवस्था का भी अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीदी की प्रक्रिया में किसानों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और तुलाई कार्य में तेजी लाई जाए ताकि किसानों को लंबा इंतजार न करना पड़े।
