ADVERTISEMENT

दमोह: नोहटा के पास अनियंत्रित होकर खाई में पलटी यात्री बस, ड्राइवर के नशे में होने का आरोप, 9 यात्री गंभीर घायल

दमोह जिले के नोहटा थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक यात्री बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। महादेवघाट और धुनगी नाला के बीच हुए इस हादसे में करीब 9 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बस चालक पर नशे में होने का आरोप लगाया है। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Injured passengers of Damoh bus accident being treated in district hospital

दमोह। जिले के नोहटा थाना क्षेत्र से एक बड़ी दुर्घटना की खबर सामने आई है। शुक्रवार दोपहर भजिया से बांदकपुर की ओर जा रही एक यात्री बस धुनगी नाला के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में करीब 9 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

ड्राइवर की लापरवाही और नशे का आरोप

हादसे का शिकार हुए यात्रियों और उनके परिजनों ने बस चालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। लरगंवा निवासी मनोहर आदिवासी, जिनकी पत्नी भारती इस हादसे में घायल हुई हैं, ने बताया कि बस चालक शराब के नशे में धुत था। मनोहर के अनुसार, ड्राइवर बार-बार नीचे की ओर देख रहा था और नशे के कारण बस पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस सीधे खाई में जा गिरी।

पिपरिया गांव की सीमा आदिवासी ने बताया कि वह बस में बैठी ही थीं और मात्र 10 कदम चलने के बाद ही बस पलट गई। घटना के समय बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे।

People helping an injured or unwell woman get down from an ambulance while medical staff and locals assist during an emergency situation in Damoh

पुरानी और कंडम बस बनी काल!

स्थानीय लोगों का कहना है कि जो बस दुर्घटनाग्रस्त हुई है, वह काफी पुरानी और कंडम हालत में थी। क्षेत्र में इस तरह की खटारा बसों का संचालन यात्रियों की जान जोखिम में डाल रहा है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी।

पुलिस की कार्रवाई और घायलों की स्थिति

नोहटा थाना प्रभारी अभिषेक पटेल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम महादेवघाट के पास पहुंची। 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी 8-9 घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। घायलों की सूची में गुड्डी विश्वकर्मा (60), सीमा राजगौंड (26), देशरानी सेन (50), आकाश विश्वकर्मा, गोपाल (46), अर्चना, आयुषी (9) और बाबूलाल वंशवर्ती शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और बस के दस्तावेजों की गहनता से जांच की जा रही है।