दमोह-पथरिया मार्ग पर कार और ट्रैक्टर की भीषण भिड़ंत: आर्केस्ट्रा पार्टी के 6 लोग घायल, 3 की हालत गंभीर
दमोह। दमोह-पथरिया मार्ग पर तिदोनी गांव के पास रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक कार और ट्रैक्टर के बीच हुई सीधी भिड़ंत में 5 से 6 लोग घायल हो गए हैं। घायलों में 3 लोगों की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है।
कार्यक्रम में जा रही थी आर्केस्ट्रा पार्टी
जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग एक आर्केस्ट्रा पार्टी के सदस्य थे और किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान तिदोनी के समीप उनकी कार ट्रैक्टर से टकरा गई।
देहात थाना प्रभारी ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही देहात थाना प्रभारी अमित गौतम अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए डायल 112 और 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
ट्रैक्टर चालक फरार, तलाश जारी
भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक अपना वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। देहात थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार ट्रैक्टर चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।