दमोह में दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर से टकराने पर बाइक सवार के पेट में घुसा सरिया, बाहर निकलीं आंतें
दमोह। दमोह-कटनी स्टेट हाईवे पर देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत समन्ना गांव में रविवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ. अनाज बेचकर वापस अपने गांव लौट रहा एक बाइक सवार सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गया. इस टक्कर के कारण ट्रॉली में रखा सरिया बाइक सवार के पेट में घुस गया, जिससे उसकी आंतें बाहर निकल आईं.
अनाज बेचकर लौटते समय हुआ हादसा
घायल की पहचान सतरिया गांव निवासी 45 वर्षीय दामोदर पटेल के रूप में हुई है. घायल के भतीजे शोभा पटेल ने बताया कि उसके चाचा रविवार रात अनाज बेचकर बाइक से गांव लौट रहे थे. समन्ना गांव में पांडे वेयरहाउस के सामने एक ट्रैक्टर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे पीछे से आ रहे दामोदर पटेल सीधे ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराए.
राहगीरों ने दिखाई सूझबूझ
हादसे के समय मौके से गुजर रहे शेख शफीक नामक व्यक्ति ने घायल की स्थिति देखी और देहात थाना पुलिस को सूचना दी. स्थानीय लोगों ने ही दामोदर के पेट में घुसा सरिया बाहर निकाला. अत्यधिक खून बहने से रोकने के लिए राहगीरों ने घायल के पेट पर तौलिया, गमछा और बैग बांध दिया, जिसके बाद उसे डायल 100 की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया.
हालत गंभीर, जबलपुर रेफर
जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद ड्यूटी डॉक्टर आशुतोष पटेल और डॉक्टर ऐश्वर्य सिंह राजपूत ने घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. डॉक्टरों के अनुसार, सरिया घुसने से आंतें बाहर आने के कारण उसकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है.
ट्रैक्टर चालक फरार, पुलिस जांच जारी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली में किसी भी प्रकार का कोई संकेत (इंडिकेटर या रिफ्लेक्टर) नहीं लगा था. घटना के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया. देहात थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है.