दमोह में फर्जीवाड़े का बड़ा खुलासा: जमीन पर लोन लेने वाला आरोपी गिरफ्तार
दमोह। दमोह जिले के हटा थाना क्षेत्र से धोखाधड़ी (Fraud) का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ कुछ जालसाजों ने एक किसान की जमीन पर फर्जी दस्तावेज (Fake Documents) तैयार कर बैंक से लाखों का लोन ले लिया। मामले का खुलासा होने के बाद बुधवार को हटा पुलिस (Hatta Police) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
खसरा निकलवाया तो उड़े होश
मामले की जानकारी देते हुए हटा थाना प्रभारी सुधीर बेगी ने बताया कि 10 अक्टूबर 2023 को ग्राम रसुईया निवासी फरियादी गणेश यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि उनकी साढ़े पांच हेक्टेयर कृषि भूमि पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने खुद को गणेश यादव बताकर 9 सितंबर 2019 को यूनियन बैंक, हटा से 5 लाख 30 हजार रुपये का लोन स्वीकृत करा लिया था। फरियादी को इस धोखे की जानकारी तब हुई जब उन्होंने पटेरा लोक सेवा केंद्र से अपनी भूमि का खसरा और बीमा प्रति निकलवाई। इसमें जमीन बैंक के पास बंधक दिखाई गई, जबकि उन्होंने कभी कोई लोन लिया ही नहीं था।
फर्जी दस्तावेजों से दिया झांसा
पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धारा 419, 420, 467, 468 और 471 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। साइबर और कागजी साक्ष्यों की गहन विवेचना के दौरान पुलिस ने पाया कि इस गिरोह में अमर सिंह लोधी, अरविंद सिंह लोधी, भानू सिंह और कमलेश सिंह शामिल थे। इन आरोपियों ने मिलकर योजनाबद्ध तरीके से फर्जी दस्तावेज तैयार किए और किसान के नाम पर बैंक को चूना लगाया।
मुख्य आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे
पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए मामले के मुख्य आरोपी अमर सिंह लोधी को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और फर्जीवाड़े की कड़ियों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में और भी कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद है। इसके अलावा, पुलिस ने धोखे से एक ट्रक बेचने के मामले में फरार चल रहे एक अन्य आरोपी को भी पकड़ने में सफलता पाई है।
