सोजना में दर्दनाक हादसा, कूलर से करंट लगने के कारण 3 वर्षीय मासूम की मौत
हटा। दमोह जिले के हटा थाना क्षेत्र अंतर्गत सोजना गांव में सोमवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक तीन वर्षीय मासूम की कूलर से करंट लगने के कारण मौत हो गई। परिजन बच्चे को तत्काल हटा सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
नहाकर आते ही कूलर को छू लिया
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोजना निवासी थम्मन सिंह लोधी का तीन वर्षीय पुत्र मोक्ष सोमवार दोपहर नहाकर आया था। इसी दौरान उसने घर में चल रहे लोहे के कूलर को छू लिया, जिससे वह करंट की चपेट में आ गया। मासूम के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजनों ने तुरंत कूलर बंद किया और उसे लेकर अस्पताल की ओर भागे, हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी।
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर महिपाल चौधरी ने जानकारी दी कि बालक को गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया था, लेकिन जांच के उपरांत उसे मृत घोषित करना पड़ा। डॉक्टर ने बताया कि बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक आशंका जताई जा रही है कि लोहे के कूलर में पहले से ही अर्थिंग या करंट उतर रहा था। बच्चा नहाकर आया था और शरीर गीला होने के कारण करंट का झटका काफी तेज लगा, जो उसके लिए घातक साबित हुआ।