घंटाघर पर तीन मंजिला इमारत का छज्जा गिरा, देर रात टला बड़ा हादसा; पुलिस ने कराई बैरिकेडिंग
दमोह। दमोह शहर के व्यस्ततम घंटाघर क्षेत्र स्थित बूंदाबहू कॉम्प्लेक्स के सामने रविवार देर रात करीब 12 बजे एक तीन मंजिला इमारत का छज्जा भरभराकर गिर गया। गनीमत यह रही कि घटना रात के समय हुई जब सड़क पर आवाजाही कम थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
मौके पर पहुँची पुलिस, कराया मार्ग डाइवर्ट
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली टीआई मनीष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिल्डिंग की छत पर जाकर निरीक्षण किया और पाया कि छज्जे का आधा हिस्सा अभी भी असुरक्षित तरीके से हवा में लटका हुआ था। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से वहां बैरिकेडिंग की गई और मार्ग को दूसरी तरफ से चालू कराया गया।
पुरानी होने के कारण गिरा छज्जा
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह इमारत बीडी नामदेव की है और काफी पुरानी होने के कारण इसका एक बड़ा हिस्सा कमजोर होकर नीचे गिर गया। टीआई मनीष कुमार ने बताया कि यदि यह घटना दिन के समय होती, तो भारी जनहानि हो सकती थी, क्योंकि घंटाघर मुख्य बाजार होने के कारण यहाँ सुबह से रात तक हजारों लोगों की भीड़ रहती है।
मरम्मत के सख्त निर्देश
पुलिस ने भवन मालिक बीडी नामदेव के परिजनों को मौके पर बुलाकर छज्जे के शेष हिस्से में जल्द सुधार कराने के निर्देश दिए हैं। इस इमारत में कई दुकानें भी संचालित होती हैं, जिनके संचालकों को भी एहतियात बरतने और आवश्यक मरम्मत कार्य कराने की हिदायत दी गई है।
