ADVERTISEMENT

दमोह: उर्स मनाने सागर गया था परिवार, पीछे से सूने मकान में लाखों की चोरी; पुलिस चौकी के पास चोरों का धावा

Broken locks and scattered belongings inside a house in Damoh after a major theft.

दमोह। कोतवाली थाना क्षेत्र के बजरिया सात कसाई मंडी इलाके में चोरों के बुलंद हौसलों ने पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. यहाँ रहने वाले समीम खान का परिवार जब रविवार रात सागर जिले के धमोनी उर्स में शामिल होने गया था, तभी अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया.

वापस लौटने पर टूटे मिले दरवाजे

सोमवार दोपहर जब परिवार के सदस्य उर्स से वापस लौटे, तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए. अंदर जाने पर अलमारियां खुली पड़ी थीं और सामान बिखरा हुआ था. पीड़ित परिवार के अनुसार, चोर घर से 70 हजार रुपये नकद, एक तोला सोने का हार और अन्य कीमती सोने-चांदी के जेवरात ले उड़े हैं.

Damoh Bajaria Kasai Mandi

पुलिस चौकी के पास वारदात से दहशत

चौंकाने वाली बात यह है कि चोरी की यह घटना स्थानीय पुलिस चौकी से महज कुछ ही दूरी पर हुई है. दिन-दहाड़े और भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस चोरी से स्थानीय निवासियों में असुरक्षा का माहौल है. पीड़ित परिवार ने फिलहाल किसी भी व्यक्ति पर संदेह जाहिर नहीं किया है.

पुलिस की कार्रवाई

कोतवाली टीआई मनीष कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने मौका मुआयना किया है और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है. पुलिस फिलहाल चोरी गई संपत्ति का सटीक आंकलन कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश में जुट गई है.