ADVERTISEMENT

मंडप में दुल्हन ने दूल्हे को छोड़ प्रेमी के गले में डाली वरमाला, हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद खाली हाथ लौटी बारात

High voltage drama at a wedding stage in Chhindwara as bride chooses lover over groom

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी की खुशियां अचानक हंगामे और मारपीट में बदल गईं. उमरेठ थाना क्षेत्र के मुजावर गांव में 27 और 28 अप्रैल की दरमियानी रात आयोजित एक विवाह समारोह में दुल्हन ने ऐन वक्त पर दूल्हे की जगह अपने प्रेमी को वरमाला पहना दी.

वरमाला के समय पलटा पूरा घटनाक्रम

परासिया से आई बारात का मुजावर गांव में जोरदार स्वागत किया गया था और चारों तरफ जश्न का माहौल था. जब दुल्हन को स्टेज पर लाया गया और वरमाला की रस्म शुरू हुई, तब दुल्हन ने सामने खड़े दूल्हे को नजरअंदाज कर दिया. उसने अचानक पंडाल में ही मौजूद अपने प्रेमी के गले में वरमाला डाल दी और सबके सामने उससे लिपट गई. इस अप्रत्याशित घटना को देख वहां मौजूद रिश्तेदार और मेहमान सन्न रह गए.

पंडाल बना अखाड़ा, बेरंग लौटी बारात

दुल्हन की इस हरकत से नाराज परिजनों ने उसके प्रेमी की जमकर धुनाई कर दी और उसे धक्का देकर बाहर निकाल दिया. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक हंगामा और मारपीट होती रही. खुद को अपमानित महसूस कर रहे दूल्हे ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद बारात बिना दुल्हन लिए ही खाली हाथ वापस लौट गई.

पुलिस तक पहुंचा मामला

घटना के बाद मंगलवार को उमरेठ थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई गई. शुरुआती जांच में पता चला है कि युवती और उस युवक के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे. बताया जा रहा है कि परिवार के दबाव में युवती शादी के लिए तैयार तो हो गई थी, लेकिन वरमाला के समय उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया. फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है.