दमोह एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी का तबादला, आनंद कलादगी होंगे जिले के नए पुलिस कप्तान
दमोह। मध्यप्रदेश शासन द्वारा देर रात जारी की गई स्थानांतरण सूची में दमोह पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी का तबादला कर दिया गया है. उन्हें ग्वालियर में 13वीं वाहिनी विसबल (विशेष सशस्त्र बल) के पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है. रविवार सुबह इस आदेश की जानकारी मिलते ही जिले के प्रशासनिक गलियारों और नागरिकों के बीच यह चर्चा का विषय बन गया.
कानून व्यवस्था के लिए जाना जाएगा सोमवंशी का कार्यकाल
श्रुतकीर्ति सोमवंशी के कार्यकाल के दौरान दमोह जिले में कानून व्यवस्था काफी मजबूत रही. उन्होंने अवैध गतिविधियों और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए कई कड़े कदम उठाए, जिससे जिले में पुलिसिंग का एक प्रभावी चेहरा सामने आया था. उनकी विदाई की खबर पर जिले के अधिकारियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं.
नए एसपी आनंद कलादगी के कंधों पर होगी जिम्मेदारी
दमोह जिले की कमान अब आनंद कलादगी संभालेंगे, जिन्हें जिले का नया पुलिस अधीक्षक (SP) नियुक्त किया गया है. आनंद कलादगी इससे पहले इंदौर में पुलिस उपायुक्त (DCP) के महत्वपूर्ण पद पर कार्यरत रहे हैं. उनके अनुभव का लाभ अब दमोह जिले की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने में मिलेगा.