पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026: मतगणना केंद्र पर हंगामे के बीच पहुंचीं ममता बनर्जी, शुभेंदु अधिकारी ने भी संभाला मोर्चा
विधानसभा चुनाव 2026 परिणाम। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना के दौरान सबसे हाईप्रोफाइल सीट भवानीपुर में जबरदस्त हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई है. मतगणना केंद्र पर तनाव की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और भाजपा प्रत्याशी शुभेंदु अधिकारी दोनों ही मौके पर पहुंच गए. सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में केंद्र के बाहर भारी संख्या में टीएमसी और भाजपा कार्यकर्ता एक-दूसरे के आमने-सामने नजर आ रहे हैं.
मोबाइल फोन को लेकर चुनाव आयोग का कड़ा रुख
दक्षिण कोलकाता के शाखावत मेमोरियल गवर्नमेंट गर्ल्स स्कूल स्थित मतगणना केंद्र पर विवाद तब और बढ़ गया जब ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी अपने मोबाइल फोन के साथ परिसर के अंदर दाखिल हो गए. रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा मुख्य चुनाव आयोग को सूचना दिए जाने के बाद दिल्ली मुख्यालय से सख्त निर्देश प्राप्त हुए. चुनाव आयोग ने अधिकारियों को स्पष्ट आदेश दिया कि वे दोनों नेताओं के मोबाइल फोन केंद्र से बाहर करवाएं या उन्हें तुरंत जब्त कर लें.
शाम 5 बजे तक मतगणना की स्थिति
चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के आंकड़ों के अनुसार, शाम पांच बजे तक राज्य की तस्वीर कुछ इस प्रकार है:
- भारतीय जनता पार्टी (BJP): भाजपा 199 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जिसमें से पार्टी ने 12 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है और 187 पर आगे चल रही है.
- तृणमूल कांग्रेस (TMC): सत्ताधारी दल 87 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जिसमें 5 सीटों पर जीत मिली है और 82 पर बढ़त है.
- अन्य: कांग्रेस 2 सीटों पर, हुमायूं कबीर की एजेयूपी 2 सीटों पर, जबकि सीपीआईएम और एआईएसएफ 1-1 सीट पर आगे चल रही हैं.
पश्चिम बंगाल की 294 सीटों के लिए दो चरणों (23 और 29 अप्रैल) में मतदान की प्रक्रिया पूरी हुई थी. इस बार राज्य में औसतन 92.93 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है, जो देश के चुनावी इतिहास में किसी भी राज्य के लिए एक नया कीर्तिमान है. पहले चरण में 93.19% और दूसरे चरण में 92.67% भारी मतदान हुआ था, जिसके परिणाम आज 4 मई को घोषित किए जा रहे हैं.