जीजा के घर चोरी करने वाला साला गिरफ्तार, शादी की खुशियों के बीच अपनों ने ही दिया था दगा
हटा । हटा नगर के नवोदय वार्ड में एक वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान हुई सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है. पुलिस की जांच में यह चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई कि इस चोरी का मुख्य मास्टरमाइंड कोई बाहरी अपराधी नहीं बल्कि फरियादी का अपना सगा साला निकला, जिसने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था.
शादी समारोह के दौरान सूने घर में सेंध
नवोदय वार्ड निवासी मोती साहू के घर पर उनकी भतीजी की शादी का कार्यक्रम चल रहा था और जब पूरा परिवार समारोह में शामिल होने के लिए बाहर गया था, तभी सूने घर का फायदा उठाकर चोरों ने सोने-चांदी के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया. शादी की रात जब मोती साहू घर लौटे, तो उन्हें आलमारी टूटी और सामान अस्त-व्यस्त मिला, जिसके बाद उन्होंने हटा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई.
साला ही निकला वारदात का मास्टरमाइंड
थाना प्रभारी सुधीर बेगी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि एसपी और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने जब जांच शुरू की, तो शक की सुई परिवार के ही सदस्य पर घूमी. सघन पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी मनीष साहू और उसके एक नाबालिग साथी को गिरफ्तार किया. मनीष साहू फरियादी का साला है, जिसने घर की पूरी जानकारी होने के कारण इस वारदात की योजना बनाई थी.
पुलिया के नीचे से बरामद हुआ लाखों का माल
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है, जिसे आरोपियों ने हटा-रसुल्ली मार्ग के पास एक पुलिया के नीचे पॉलिथीन में दबाकर छुपाया था. बरामद किए गए सोने-चांदी के जेवर और नकदी की कुल कीमत लगभग 4,71,000 रुपये आंकी गई है.
पुलिस टीम की त्वरित सफलता
24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करने वाली टीम में एएसआई अरविंद राय, प्रधान आरक्षक महेंद्र बाबू और आरक्षक पवन पटेल की सराहनीय भूमिका रही. पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से नगरवासियों ने राहत की सांस ली है, वहीं अपनों द्वारा की गई इस धोखाधड़ी की चर्चा पूरे हटा क्षेत्र में बनी हुई है.