ADVERTISEMENT

आंधी-तूफान में ढही कच्ची दीवार, मलबे में दबने से महिला की मौत; कंडे ढकने गई थी बाहर

Debris of collapsed wall in Mahua Kheda village after fatal storm in Damoh


दमोह। सोमवार शाम दमोह जिले में आए अचानक मौसम के बदलाव और तेज आंधी-तूफान ने एक दर्दनाक हादसे को अंजाम दिया है। रनेह थाना क्षेत्र के ग्राम महुआ खेड़ा में एक कच्ची दीवार गिरने से मलबे में दबकर 48 वर्षीय महिला की मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब महिला बारिश से अपने कंडों (ईंधन) को बचाने की कोशिश कर रही थी।

कंडे बचाने की कोशिश बनी जानलेवा

मृतक महिला की पहचान रागनी पटेरिया (48), पति राजेश पटेरिया के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि सोमवार शाम अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हुई। घर के बाहर पड़ोसी की कच्ची दीवार के पास कंडे रखे थे, जिन्हें बारिश से बचाने के लिए रागनी उन्हें ढकने गई थीं। उसी समय तेज हवा के झोंके से जर्जर दीवार अचानक भरभरा कर उनके ऊपर गिर गई।

अस्पताल पहुँचने से पहले तोड़ा दम

दीवार गिरने की आवाज और रागनी की चीख सुनकर परिवार के लोग तुरंत मौके पर पहुँचे और कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें मलबे से बाहर निकाला। घायल अवस्था में उन्हें तत्काल हटा सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की कार्रवाई

रनेह थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम मंगलवार सुबह कराया जाएगा, जिसके बाद पार्थिव देह परिजनों को सौंपी जाएगी। सोमवार शाम आई इस आंधी का असर रनेह और आसपास के क्षेत्रों में काफी तेज रहा, जिससे कई स्थानों पर संपत्ति का नुकसान भी हुआ है।