मेघालय हनीमून मर्डर: इंदौर के राजा रघुवंशी की पत्नी ने ही कराई हत्या, यूपी में आत्मसमर्पण
Raja Raghuvanshi Murder Case: मेघालय में हनीमून के दौरान इंदौर (Indore) के पर्यटक राजा रघुवंशी (Raja Raghuvanshi) की हत्या के सनसनीखेज मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। मेघालय पुलिस ने बताया कि राजा की हत्या उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी (Sonam Raghuvanshi) द्वारा किराए पर बुलाए गए लोगों ने ही की थी। इस मामले में सोनम ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है, जबकि हत्या में शामिल तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
मेघालय के डीजीपी आर. लोंग्रांग ने सोमवार सुबह जानकारी दी कि सोनम ने उत्तर प्रदेश के नंदगंज पुलिस स्टेशन में आत्मसमर्पण किया और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। डीजीपी ने बताया कि तीन हमलावरों में से एक को उत्तर प्रदेश से, जबकि दो अन्य को पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने इंदौर से गिरफ्तार किया है।
साजिश का खुलासा
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया है कि सोनम ने ही राजा रघुवंशी की हत्या के लिए उन्हें पैसे दिए थे। डीजीपी लोंग्रांग ने कहा, "अपराध में शामिल कुछ और लोगों को पकड़ने के लिए मध्य प्रदेश में अभी भी अभियान जारी है।"
हालांकि, उत्तर प्रदेश के एडीजी कानून व्यवस्था अमिताभ यश ने बताया कि सोनम रघुवंशी (Sonam Raghuvanshi) (लगभग 24 वर्ष) को वाराणसी-गाजीपुर मुख्य मार्ग पर काशी ढाबा से हिरासत में लिया गया। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा गया और बाद में गाजीपुर के वन स्टॉप सेंटर में रखा गया।
पुलिस का विस्तृत बयान
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि गाजीपुर से सोनम रघुवंशी की गिरफ्तारी के साथ ही, पिछले महीने मेघालय के ईस्ट खासी हिल्स जिले से लापता हुए इंदौर के राजा रघुवंशी की हत्या के आरोप में तीन अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। मेघालय पुलिस की एसआईटी ने उत्तर प्रदेश से एक आरोपी और इंदौर से दो अन्य संदिग्धों को पकड़ा है। गिरफ्तार आरोपियों ने कुछ और व्यक्तियों के नाम भी बताए हैं, जिनकी तलाश जारी है। डीजीपी ने पुष्टि की कि एसआईटी की टीम राजा की पत्नी और अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए मध्य प्रदेश में तलाशी अभियान चला रही है।
मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने दी पुलिस को बधाई
मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने इस जटिल मामले को 7 दिनों के भीतर सुलझाने के लिए पुलिस को बधाई दी। उन्होंने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "राजा हत्या मामले में मेघालय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मध्य प्रदेश के तीन हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया गया है, महिला ने आत्मसमर्पण कर दिया है और एक अन्य हमलावर को पकड़ने के लिए अभियान अभी भी जारी है... बहुत बढ़िया।
