दमोह: नोहटा पुलिस के हत्थे चढ़े उड़ीसा के तीन गांजा तस्कर, ट्रॉली बैग में छिपाकर लाए थे 18 किलो गांजा

Police team with seized ganja and arrested smugglers in Damoh

दमोह। जिले के नोहटा थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने उड़ीसा से गांजा लेकर आए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। तस्करों के पास से 18 किलो 520 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत दो लाख रुपये से अधिक है।

मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल

नोहटा थाना प्रभारी अभिषेक पटेल ने शुक्रवार शाम मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस को मुखबिर से घाट बमोरी इलाके में अवैध तस्करी की सटीक जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और उनके दिशा-निर्देशों पर एक विशेष टीम गठित कर पूरे इलाके में घेराबंदी की गई।

ट्रॉली बैग में छिपाकर हो रही थी तस्करी

पुलिस की कार्रवाई के दौरान तीनों आरोपी संदिग्ध अवस्था में पाए गए। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद ट्रॉली बैग से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए तस्करों की पहचान कृष्णचंद्र धल (56), लता साहू (23) और शांति लता प्रधान (21) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी मूल रूप से उड़ीसा के रहने वाले हैं और यहां गांजा बेचने की फिराक में थे।

न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी

पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस अब इन तस्करों के नेटवर्क की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनके तार और कहां-कहां जुड़े हैं और यह गांजा किसे सप्लाई किया जाना था।