ADVERTISEMENT

मड़ियादो में बड़ी कार्रवाई: पन्ना टाइगर रिजर्व की 50 हेक्टेयर वनभूमि अतिक्रमण मुक्त, करोड़ों की जमीन पर चला वन विभाग का डंडा

Forest department team removing illegal encroachment from 50 hectares of land in Madiyado Buffer

मड़ियादो (दमोह)। पन्ना टाइगर रिजर्व (PTR) के मड़ियादो वनपरिक्षेत्र बफरजोन के अंतर्गत आने वाले मनकपुरा के जंगलों में वन विभाग ने अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध एक बड़ी स्ट्राइक की है। शनिवार को राजस्व और पुलिस बल की मौजूदगी में करीब 50 हेक्टेयर बेशकीमती वनभूमि से अवैध निर्माण और कब्जे हटाए गए।

अधिकारियों के नेतृत्व में सुबह से शुरू हुई कार्रवाई

क्षेत्र संचालक ब्रजेन्द्र श्रीवास्तव और उपसंचालक वीरेंद्र पटेल के दिशा-निर्देशों पर यह पूरी कार्रवाई अंजाम दी गई। अधीक्षक (केन घड़ियाल खजुराहो) कृष्णा मरावी और मड़ियादो बफ़र के वनपरिक्षेत्र अधिकारी जेपी मिश्रा के नेतृत्व में भारी अमला मनकपुरा बीट के कक्ष क्रमांक 01 RF 31 पहुँचा।

Madiyado Forest Land Encroachment Removal

करोड़ों की जमीन पर ग्रामीण कर रहे थे खेती

वन विभाग के अनुसार, उक्त भूमि पर ग्रामीणों द्वारा न केवल अवैध निर्माण (मकान) कर लिए गए थे, बल्कि बड़े हिस्से पर कृषि कार्य (खेती) भी किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान कुछ ग्रामीणों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्वयं ही अपने कच्चे निर्माणों से सामग्री हटा ली। विभाग ने जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से अतिक्रमण ध्वस्त किया और मौके पर ही कंटूर ट्रेंच (खाई) खोदकर जमीन को वापस अपने कब्जे में ले लिया।

संयुक्त अमले ने मोर्चा संभाला

कार्रवाई को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मड़ियादो और रजपुरा पुलिस थाने के बल के साथ-साथ राजस्व विभाग की टीम भी मौजूद रही। इसके अलावा किशनगढ़, हिनोता, मडला और बाजना वनपरिक्षेत्र के अधिकारी व कर्मचारी भी इस बड़े ऑपरेशन का हिस्सा रहे।