शादी की खुशियों के बीच खूनी संघर्ष; नाचने के दौरान युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमले
दमोह शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पठानी मोहल्ले में एक वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक दोस्त की शादी में शामिल होने गए युवक पर अज्ञात हमलावर ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया है।
नाचते समय हुआ विवाद और हमला
बजरिया वार्ड निवासी 22 वर्षीय दीपक चक्रवर्ती अपने मित्र की शादी के जश्न में शामिल होने के लिए पठानी मोहल्ला गया था। कार्यक्रम के दौरान जब दीपक अन्य लोगों के साथ नाच रहा था, तभी किसी बात को लेकर विवाद की स्थिति बनी। इसी बीच एक अज्ञात युवक ने अचानक दीपक पर चाकू से हमला कर दिया। हमलावर ने युवक पर एक के बाद एक चार वार किए, जिससे वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा।
जिला अस्पताल में उपचार जारी
वारदात के तुरंत बाद मौके पर हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों व परिजनों की मदद से घायल दीपक को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। दीपक की हालत गंभीर बताई जा रही है और फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।
पहचानता हूँ, पर नाम नहीं जानता
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान घायल दीपक ने बताया कि वह हमलावर को चेहरे से अच्छी तरह पहचानता है, क्योंकि वह उसी कार्यक्रम में मौजूद था, लेकिन वह उसका नाम नहीं जानता है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मामले की जानकारी ली है। पुलिस अब घायल के बयानों और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर अज्ञात हमलावर की तलाश में जुट गई है। इस घटना के बाद से शादी समारोह के उत्साह में मातम पसर गया है।