सिंधिया की 'प्याज वाली सादगी' पर दिग्विजय का तीखा तंज: 'छीन लो BJP नेताओं की AC कारें, जेब में थमा दो प्याज'
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में इन दिनों 'प्याज' चर्चा का केंद्र बना हुआ है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा है, जिसमें वह भीषण गर्मी से बचने के लिए अपनी जेब में प्याज रखे नजर आ रहे हैं। सिंधिया के इस देसी अंदाज पर अब कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह ने चुटकी लेते हुए भारतीय जनता पार्टी के नेताओं पर बड़ा हमला बोला है।
हाल ही में शिवपुरी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंच से अपनी सादगी और गर्मी से बचने का नुस्खा साझा किया था। उन्होंने कहा कि वह अपनी गाड़ी में AC का इस्तेमाल नहीं करते हैं। सिंधिया ने अपनी जेब से एक प्याज निकालकर जनता को दिखाते हुए कहा कि जेब में प्याज रखो, 51 डिग्री की गर्मी में भी कुछ नहीं होगा। इस दौरान मंच के पास खड़े एक बुजुर्ग ने भी अपनी जेब से प्याज निकालकर दिखाया, जिसे देखकर सिंधिया मुस्कुरा उठे। सिंधिया का दावा है कि प्याज शरीर के तापमान को नियंत्रित रखता है और लू से बचाता है।
सिंधिया के इस वीडियो पर तंज कसते हुए राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि भाजपा के सभी नेताओं को सिंधिया से सीखना चाहिए। दिग्विजय सिंह ने तंजिया लहजे में कहा कि इतने बड़े राजघराने में जन्म लेने के बावजूद सिंधिया जी जिस सादगी का परिचय दे रहे हैं, उसकी जितनी प्रशंसा की जाए कम है। उन्होंने सुझाव दिया कि सभी भाजपा नेताओं की AC कारें वापस ले लेनी चाहिए और सबको जेब में प्याज लेकर चलना चाहिए।
दिग्विजय सिंह की इस टिप्पणी ने सिंधिया की सादगी वाले वीडियो को पूरी तरह से राजनीतिक रंग दे दिया है। जहां सिंधिया समर्थक इसे जनता के बीच जुड़ाव और जमीन से जुड़ी हुई छवि के रूप में देख रहे हैं, वहीं कांग्रेस इसे केवल 'सियासी स्टंट' करार दे रही है। भीषण गर्मी के दौर में जहां मध्य प्रदेश का पारा 44-46 डिग्री के पार जा रहा है, वहां नेताओं के बीच 'प्याज' और 'AC' को लेकर छिड़ी यह बहस राजनीतिक गलियारों में खूब सुर्खियां बटोर रही है।