ADVERTISEMENT

मध्यप्रदेश को मिल सकती है उमस भरी गर्मी से राहत, कई जिलों में हो सकती है बारिश

mp weather update

भोपाल। पूरे मध्यप्रदेश में उमस भरी गर्मी का दौर लगातार जारी है। राजधानी में भी पिछले चार दिनों से तो दिन और रात को गर्मी और उमस की स्थिति बनी हुई है। गर्म हवाओं के चलने से लगभग लू जैसी स्थिति बनी रही हुई है। वहीं मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में पारा हाई चल रहा है। वहां पर राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं से इन दिनों मौसम में तपन आ गई है। इसके चलते गर्मी से लोगों का बुरा हाल हो गया है। गुरुवार की सुबह से ही तेज हवाएं चलती रही। दिन में भी हल्के बादल से धूप कमजोर हुई, लेकिन मौसम में कोई बदलाव नहीं आया।

वहीं मौसम विभाग ने 2 जुलाई 2021 शुक्रवार को ग्वालियर, भोपाल, जबलपुर, होशंगाबाद, रीवा एवं शहडोल के जिलों के अलावा इंदौर, उज्जैन, भिंड और बुरहानपुर में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना जताई हैं। रीवा, शहडोल, जबलपुर और सागर संभागों के जिलों में बिजली चमकने और गिरने के साथ 18 प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने के भी आसार है।

विभाग का कहना है कि 3 जुलाई से अरब सागर से नम हवाएं गुजरात, राजस्थान और दिल्ली पहुंचने लगेंगी, तब गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है लेकिन, मानसून का ब्रेक 7 जुलाई तक जारी रह सकता है। 

इसके बाद बंगाल की खाड़ी से आने वाली हवाएं उत्तर भारत में पहुंचने लगेंगी, तब मानसून फिर सक्रिय होगा। 11-12 जुलाई को बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र भी बनेगा, जिससे कमजोर पड़े मानसून को ताकत मिलेगी। हालांकि, तब तक थोड़ी देर हो जाएगी। क्योंकि, आमतौर पर 8 जुलाई तक मानसून पूरे देश में छा जाता है, लेकिन इस बार इसमें एक हफ्ता ज्यादा लग सकता है।